मतगणना से पहले मंदिर पहुंचे बीजेपी प्रत्याशी बुधराई टुडू, जीत की कामना
दक्षिण दिनाजपुर, 03 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक एक दिन पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। तपन विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार बुधराई टुडू ने रविवार सुबह पतिराम के प्रसिद्ध विद्येश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
बुधराई टुडू अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर मां विद्येश्वरी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपनी जीत और राज्य में बदलाव की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों और समर्थकों की भीड़ देखी गई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष छोटन चक्रवर्ती, बीजेपी नेता विश्वनाथ साहा सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूजा के बाद प्रत्याशी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
पत्रकारों से बात करते हुए बुधराई टुडू ने कहा, जनता का समर्थन हमारे साथ है। हम सकारात्मक परिणाम की उम्मीद कर रहे है। लोकतंत्र में जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है और हम उसका सम्मान करेंगे।
गौरतलब है कि राज्य की 293 विधानसभा सीटों पर कल एक साथ मतगणना शुरू होगी। प्रशासन ने सभी काउंटिंग सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे राज्य में नतीजों को लेकर उत्सुकता और राजनीतिक माहौल चरम पर है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

