home page

लंबे राजनीतिक विवाद के बाद नाजिरहाट-2 पंचायत में भाजपा का बोर्ड गठित

 | 
लंबे राजनीतिक विवाद के बाद नाजिरहाट-2 पंचायत में भाजपा का बोर्ड गठित


कूचबिहार, 20 नवंबर (हि. स.)। लंबे समय से जारी राजनीतिक खीचतान के बाद आखिरकार कूचबिहार जिले की नाजिरहाट-2 ग्राम पंचायत में भाजपा ने अपना बोर्ड गठित कर लिया। शुक्रवार को जूथिका बर्मन को प्रधान चुना गया। इसके साथ ही पिछले कई महीनों से जारी अनिश्चितता का अंत हो गया।

बोर्ड गठन के दौरान दिनहाटा के विधायक अजय राय, जिला अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार कार्जी समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पंचायत कार्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। राज्य पुलिस के साथ केंद्रीय बलों के जवान भी तैनात रहे।

गौरतलब है कि बीते तीन सितंबर को प्रधान चुनाव को लेकर शालमारा इलाके में भाजपा के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान एक महिला भाजपा कार्यकर्ता को तीर लगने से वह घायल हो गई थी। इसके बाद जिला नेतृत्व ने स्थानीय नेता तरणीकांत बर्मन को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। 13 नवंबर को भी बोर्ड गठन की कोशिश की गई थी, लेकिन आवश्यक सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।

19 सदस्यों वाली इस पंचायत में तृणमूल के 12, भाजपा के छह और भाजपा समर्थित एक निर्दलीय सदस्य हैं। कई बार प्रयास विफल होने के बाद आखिरकार भाजपा पंचायत की सत्ता संभालने में सफल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार