खाद की कालाबाजारी के खिलाफ भाजपा का अभियान
जलपाईगुड़ी, 11 अगस्त (हि. स.)। खाद की कथित कालाबाजारी के खिलाफ मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा ने जिले के राजगंज विधानसभा क्षेत्र के बेलाकोबा बटतला बाजार में मंगलवार को अभियान चलाया। भाजपा जलपाईगुड़ी जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष नकुल दास समेत पार्टी नेताओं ने कई खाद दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक, बिक्री और खातों की जांच की।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि इलाके में खाद की कालाबाजारी की जा रही है। कुछ दुकानों में स्टॉक नहीं होने की बात कही गई, जबकि गोदामों में बड़ी मात्रा में खाद मौजूद होने का आरोप लगाया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के दस्तावेज और स्टॉक में कथित गड़बड़ी भी सामने आने का दावा किया गया।
नकुल दास ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानों के स्टॉक और रजिस्टर के आंकड़ों में अंतर है। गोदाम में खाद मौजूद होने के बावजूद दुकानों के बोर्ड पर ‘स्टॉक नहीं है’ लिखे जाने का भी आरोप लगाया गया।
किसान मोर्चा ने चेतावनी दी कि खाद की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

