home page

पुरानी वोटर लिस्ट से भी चुनाव हो तो भाजपा जीतेगी : शमिक भट्टाचार्य

 | 
पुरानी वोटर लिस्ट से भी चुनाव हो तो भाजपा जीतेगी : शमिक भट्टाचार्य


हुगली, 22 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने दावा किया है कि राज्य में यदि पुरानी मतदाता सूची के आधार पर भी चुनाव कराया जाए, तब भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत हासिल करेगी।

बुधवार को हुगली के हरिपाल में एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए चुनाव आयोग पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को जनता का समर्थन प्राप्त है और तृणमूल कांग्रेस की सत्ता अब समाप्त होने की ओर है।

उन्होंने विवादित मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया पर चल रही बहस के बीच यह भी कहा कि यदि चुनाव आयोग पुराने वोटर लिस्ट के आधार पर चुनाव कराए और जिन लाखों मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं उन्हें फिर से जोड़ा जाए, तब भी भाजपा जीत दर्ज करेगी।

भट्टाचार्य ने केंद्रीय एजेंसियों ईडी और सीबीआई की कार्रवाई पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि इन मामलों में आम लोगों की कोई विशेष रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता का मुख्य मुद्दा राज्य में बदलाव है और लोग तृणमूल शासन से मुक्ति चाहते हैं।

इस दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस से निराश हो चुकी है और आगामी चुनाव में बदलाव निश्चित है। हालांकि, मतदाता सूची को लेकर चल रहे विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बीच राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय