दार्जिलिंग : पहाड़ की तीन सीटों पर भाजपा ने घोषित किए उम्मीदवार
दार्जिलिंग, 19 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र की तीन अहम विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। दार्जिलिंग सीट को बिमल गुरुंग की पार्टी मोर्चा के उम्मीदवार नमन राई के लिए छोड़ दिया गया है, हालांकि वह चुनाव भाजपा के ‘कमल’ चिन्ह पर ही लड़ेंगे। इस सीट पर नीरज जिम्बा जो पिछले विधानसभा चुनाव में जीतकर विधायक बने थे, उन्हें इस बार टिकट नहीं दिया गया है।
वहीं, बाकी दो सीटों पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतारे है। कालिम्पोंग सीट से भरत छेत्री को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि कर्सियांग सीट से सोनम लामा को मैदान में उतारा गया है।
इस बार खास बात यह रही कि पहाड़ की तीनों सीटों पर गोरखा नेशनल लिबरेशन फ्रंट (जीएनएलएफ) के किसी भी नेता को टिकट नहीं दिया गया है, जिससे पहाड़ी राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

