आमने-सामने हुए भाजपा और माकपा उम्मीदवार, दिखाया शिष्टाचार
सिलीगुड़ी, 29 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली है। जहां एक ओर राजनीतिक दलों के बीच तीखी बयानबाजी जारी है, वहीं दूसरी ओर भाजपा और माकपा उम्मीदवारों के बीच सौजन्य मुलाकात ने सबका ध्यान खींचा।
माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार आनंदमय बर्मन अपने कार्यकर्ताओं के साथ गदाधरपल्ली और स्टालिननगर इलाके में प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान पानीघाटा रोड पर उनकी मुलाकात माकपा उम्मीदवार झरेन राय से हो गई, जो खुद भी इलाके में जनसंपर्क कर रहे थे।
दोनों नेताओं के आमने-सामने आते ही भाजपा प्रत्याशी आनंदमय बर्मन आगे बढ़कर माकपा उम्मीदवार झरेन राय से मिले और सौजन्य बातचीत की।
आनंदमय बर्मन ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत शिष्टाचार बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने झरेन राय को एक वरिष्ठ नेता बताते हुए उनके प्रति सम्मान भी जताया।
वहीं, माकपा उम्मीदवार झरेन राय ने भी कहा कि चुनावी मैदान में लड़ाई जरूर है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर सौहार्द बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता से अच्छा समर्थन मिल रहा है। इस तरह चुनावी गर्मी के बीच दोनों नेताओं की यह सौजन्य मुलाकात राजनीति में सकारात्मक संदेश देती नजर आई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

