home page

भाजपा का आरोप - तृणमूल फैला रही फर्जी ‘आंतरिक सर्वे’ की खबरें

 | 
भाजपा का आरोप - तृणमूल फैला रही फर्जी ‘आंतरिक सर्वे’ की खबरें


कोलकाता, 13 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस पर मीडिया में फर्जी और मनगढ़ंत “आंतरिक सर्वे” की खबरें प्लांट कराने का आरोप लगाया।

भाजपा ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में स्पष्ट किया कि पार्टी ने ऐसा कोई आंतरिक सर्वे कराया ही नहीं है। पार्टी का कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही तृणमूल घबराहट में गलत सूचनाएं फैला रही है।

भाजपा के बयान में कहा गया कि भाजपा का कोई आंतरिक सर्वे नहीं है। पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिल रहे भारी जनसमर्थन से तृणमूल कांग्रेस विचलित हो गई है और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं।

पार्टी ने यह भी दावा किया कि इस बार का चुनाव सिर्फ राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला नहीं, बल्कि राज्य की जनता और तृणमूल सरकार के बीच सीधी लड़ाई है। बयान में कहा गया कि यह चुनाव पश्चिम बंगाल की जनता और तृणमूल के आपराधिक शासन के बीच सीधा मुकाबला है। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त है।

इस मुद्दे को भाजपा के आईटी सेल प्रमुख और पश्चिम बंगाल के केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित मालवीय ने भी अपने सोशल मीडिया मंच पर साझा किया।

भाजपा के एक राज्य समिति सदस्य ने कहा कि पिछले कुछ समय से मीडिया में लगातार ऐसे कथित आंतरिक सर्वे का हवाला दिया जा रहा था, जिसके बाद पार्टी को आधिकारिक रूप से इसका खंडन करना पड़ा।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होना है। पहला चरण 23 अप्रैल को होगा, जिसमें 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरा चरण 29 अप्रैल को 142 सीटों पर संपन्न होगा। चुनाव परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर