home page

पुरुलिया में स्वास्थ्य अधिकारी से बदसलूकी पर भाजपा के चार नेताओं को नोटिस

 | 
पुरुलिया में स्वास्थ्य अधिकारी से बदसलूकी पर भाजपा के चार नेताओं को नोटिस


पुरुलिया, 20 मई (हि. स.)। जिले में एक स्वास्थ्य अधिकारी के साथ कथित बदसलूकी के मामले में भाजपा ने अपने चार नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। राज्य भाजपा ने इस घटना को “लज्जाजनक” बताते हुए आरोपित नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और फिलहाल उन्हें पार्टी के सभी कार्यों से दूर रहने को कहा है।

राज्य भाजपा नेतृत्व ने इस घटना को गंभीरता से लिया। इसके बाद चार नेताओं—राकेश महतो, विजयमोहन सिंह, अरुणचंद्र माझी और मिथुन कुमार को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 12 मई को बाघमुंडी ब्लॉक के पाथरडी स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ (बीएमओएच) के साथ भाजपा नेताओं द्वारा दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा था। इस घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया था।

बताया गया है कि बाघमुंडी क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए दूसरे राज्य के अस्पतालों में भेजने की सलाह क्यों दी जा रही है, इस मुद्दे को लेकर कुछ भाजपा नेताओं ने स्वास्थ्य अधिकारी से तीखी बहस की और उन्हें कथित रूप से धमकाया।

राकेश महतो पुरुलिया जिला परिषद के सदस्य और बाघमुंडी ब्लॉक भाजपा के संयोजक हैं। वहीं विजयमोहन सिंह ब्लॉक के सह-संयोजक, अरुणचंद्र माझी मंडल-चार के अध्यक्ष और मिथुन कुमार युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं।

पार्टी की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि स्वास्थ्य अधिकारी को डराने-धमकाने, अपशब्द कहने, शारीरिक रूप से परेशान करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप सामने आए हैं, जो पार्टी अनुशासन के खिलाफ हैं।

भाजपा की अनुशासन समिति की सिफारिश और राज्य अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य के निर्देश पर चारों नेताओं को फिलहाल पार्टी के काम से अलग रहने को कहा गया है। साथ ही उन्हें सात दिनों के भीतर अपने व्यवहार पर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता