विश्व बांग्ला शिल्पी हाट का बदलेगा नाम, मंत्री दीपक बर्मन ने दिए संकेत
सिलीगुड़ी, 09 अक्टूबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी में स्थित कावाखाली स्थित विश्व बांग्ला शिल्पी हाट का नाम बदलने के संकेत मिले हैं। राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम और वस्त्र उद्योग मंत्री दीपक बर्मन ने शुक्रवार को शिल्पी हाट का निरीक्षण करने के बाद इसके पुनरुद्धार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल नाम बदलने से ज्यादा जरूरी इस हाट को फिर से शुरू करना है।
विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शिल्पी हाट की मौजूदा स्थिति और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हाट को नए सिरे से तैयार किया जाएगा, ताकि स्थानीय कलाकार इसका इस्तेमाल कर सकें और अपनी कलाकृतियों को बढ़ावा दे सकें।
मंत्री दीपक बर्मन ने कहा कि विश्व बांग्ला का कोई अस्तित्व नहीं है, इसलिए उस नाम का भी कोई अस्तित्व नहीं है। हालांकि, नाम बदलने से ज्यादा महत्वपूर्ण इस हाट को चालू करना है।
मंत्री के इस दौरे के बाद शिल्पी हाट को फिर से शुरू करने की उम्मीद बढ़ी है। अब देखना होगा कि इसे कब तक नए स्वरूप में चालू किया जाता है और इससे स्थानीय कलाकारों को कितना लाभ मिलता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

