home page

स्वतंत्रता सेनानी वीरेंद्रनाथ शासमल की जयंती पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि

 | 
स्वतंत्रता सेनानी वीरेंद्रनाथ शासमल की जयंती पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि


कोलकाता, 26 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार सुबह स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रवादी नेता देशप्राण वीरेंद्रनाथ शासमल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने समाज माध्यम पर पोस्ट कर वीरेंद्रनाथ शासमल को याद किया।

वीरेंद्रनाथ शासमल का जन्म 26 अक्टूबर, 1881 को पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी क्षेत्र के चंडिभेटी गांव में हुआ था। वे स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक थे। उन्हें मेदिनीपुर का मुकुटहीन सम्राट भी कहा जाता है।

वीरेंद्रनाथ शासमल ने अपनी वकालत छोड़कर स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया था। वे असहयोग आंदोलन और नमक सत्याग्रह में सक्रिय रहे। उन्होंने मेदिनीपुर में यूनियन बोर्ड के कर-विरोधी आंदोलन का नेतृत्व किया। स्वतंत्रता सेनानियों के पक्ष में उन्होंने कई मुकदमे भी लड़े।

वे बंगाल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे और किसानों के अधिकारों के लिए भी काम किया। देश के स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान के कारण उन्हें देशप्राण की उपाधि से सम्मानित किया गया। 24 नवंबर, 1934 को उनका निधन हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता