home page

विश्वभारती में ‘कॉकरोच’ पोस्टर से मचा हड़कंप

 | 

पश्चिम बर्दवान, 13 अगस्त (हि.स.)।

शांतिनिकेतन स्थित विश्वभारती विश्वविद्यालय में गुरुवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब कैंपस और आसपास के विभिन्न इलाकों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम से कई पोस्टर दिखाई दिए। पोस्टरों में विश्वविद्यालय की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, नियमों की अनदेखी और कथित आर्थिक लेनदेन जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पोस्टरों में आरक्षित सहायक कर्मचारी सचिव से लेकर बांग्ला, अंग्रेजी और हिंदी विभागों में एसोसिएट प्रोफेसर तथा असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्तियों में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा विनय भवन और संगीत भवन में भी नियमों के विपरीत नियुक्ति का प्रयास किए जाने का दावा किया गया है। पोस्टरों में नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

इन पोस्टरों में सिर्फ भाई-भतीजावाद और अनियमितता ही नहीं, बल्कि नियुक्तियों में आर्थिक लेनदेन के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, यह पोस्टर किसने लगाए और लगाए गए आरोपों के पीछे क्या तथ्य हैं, इसे लेकर सवाल बने हुए हैं।

विश्वभारती के कार्यवाहक जनसंपर्क अधिकारी अतिग घोष ने कहा कि नामहीन पोस्टरों पर विश्वविद्यालय प्रशासन कोई टिप्पणी नहीं करेगा और इससे प्रबंधन विचलित भी नहीं है।

वहीं, विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर दावा किया कि नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर विभिन्न स्तरों पर लगातार शिकायतें मिल रही हैं और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, शिक्षा मंत्री तथा विभिन्न आयोगों तक भी शिकायतें पहुंची हैं।

पोस्टरों में शिक्षक और अधिकारी नियुक्तियों के अलावा शोध, केंद्रीय पुस्तकालय में कार्यरत कर्मचारियों तथा कुलपति के करीबी माने जाने वाले कुछ लोगों को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं। ‘शिक्षा बचाओ, भ्रष्टाचार हटाओ, विश्वभारती बचाओ’ के नारे के साथ आगे और नियुक्ति अनियमितताओं का खुलासा करने की चेतावनी दी गई है। इस पूरे घटनाक्रम ने शांतिनिकेतन में एक बार फिर विश्वभारती की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर बहस तेज कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा