बीरभूम में नगदी और सोना बरामदगी के बाद तृणमूल नेता टुलु मंडल पर शिकंजा कसने में जुटी पुलिस
कोलकाता, 31 जुलाई (हि.स.)।
बीरभूम के चर्चित पत्थर कारोबारी और तृणमूल नेता अनुव्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले टुलु मंडल के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। अवैध रूप से करोड़ों रुपये की संपत्ति बरामद होने के बाद अब जिला पुलिस ने सिउड़ी स्थित उनके दो आलीशान आवासों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को बीरभूम जिला पुलिस के करीब 50 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की टीम ने सिउड़ी के सुभाषपल्ली स्थित टुलु मंडल के लग्जरी आवास पर कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के समय परिवार का कोई सदस्य घर में मौजूद नहीं था। पुलिस ने घर की देखभाल करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को टुलु मंडल के बीरभूम में दो आलीशान मकानों की जानकारी मिली है। दोनों मकानों में लिफ्ट, आधुनिक जिम, महंगे फर्नीचर, शानदार इंटीरियर और अन्य लग्जरी सुविधाएं मौजूद हैं। जांच एजेंसियां इन संपत्तियों के स्वामित्व, निर्माण में खर्च हुए धन के स्रोत और संबंधित वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं।
इससे पहले पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई में टुलु मंडल से जुड़े ठिकानों से लगभग 50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति, भारी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती सामान मिलने का दावा किया गया था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और अब उनकी संपत्तियों की परत-दर-परत जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच का दायरा केवल आवासों तक सीमित नहीं है। बैंक खातों, जमीन के दस्तावेज, कारोबारी लेन-देन और बेनामी संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और संबंधित सभी दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

