बीरभूम में तृणमूल कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या का आरोप
बीरभूम, 03 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा की घटना सामने आई है। बोलपुर थाना अंतर्गत बाहिरी पांचशोया ग्राम पंचायत के बाहिरी पूर्वपाड़ा गांव में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप बदमाशों पर लगा है। मृतक की पहचान हाबल लोहार (48) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात हथियारों से लैस कुछ लोग हाबल लोहार के घर पहुंचे। परिवार का आरोप है कि हमलावर भाजपा समर्थक के रूप में जाने जाते हैं। लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने हाबल लोहार पर अचानक हमला कर दिया और उनकी बेरहमी से पिटाई की।
परिजनों का दावा है कि हमलावरों की बर्बर मारपीट से हाबल लोहार गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े। बाद में उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। परिवार का आरोप है कि मारपीट के कारण ही उनकी मौत हुई।
घटना की सूचना मिलते ही बोलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व का आरोप है कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत उनके सक्रिय कार्यकर्ता की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

