home page

बीरभूम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बालू कारोबारी गिरफ्तार

 | 
बीरभूम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बालू कारोबारी गिरफ्तार


बीरभूम, 30 मई (हि.स.)।

बीरभूम जिले के मोहम्मदबाजार थाना क्षेत्र के राज्यधरपुर गांव में एक बालू कारोबारी के घर और कार्यालय पर पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार रात यह अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान लगभग 49 लाख 75 हजार रुपये नकद और करीब 502 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर जब्त किए गए। बरामद धनराशि और आभूषणों के स्रोत की जांच शुरू कर दी गई है।

इस मामले में शमीम शेख नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह लंबे समय से बालू कारोबार से जुड़ा हुआ था। हालांकि, मामले के मुख्य आरोपी लवण शेख समेत दो अन्य लोग फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश में मोहम्मदबाजार थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस का दावा है कि आरोपितों के खिलाफ अवैध बालू कारोबार और बालू घाट संचालन के आरोप हैं। साथ ही, उनका सड़क निर्माण से जुड़ी एक ठेकेदार कंपनी से भी संबंध होने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद नकदी और सोने के आभूषणों का संबंध इन व्यवसायों से है या नहीं।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जांचकर्ता धन के स्रोत, वित्तीय लेन-देन और संभावित अवैध कारोबारी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा