home page

बीरभूम में रेत माफिया पर पुलिस कार्रवाई की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की सराहना

 | 
बीरभूम में रेत माफिया पर पुलिस कार्रवाई की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की सराहना


कोलकाता, 29 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बीरभूम जिले में रेत माफिया के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर अडिग है और अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को 'एक्स' पर किए गए अपने पोस्ट में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बीरभूम पुलिस ने मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में अवैध रेत माफिया टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के ठिकाने पर छापेमारी की। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान अब तक 5.5 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि नोटों की गिनती अभी भी जारी है। इसके अलावा 15 किलोग्राम सोना भी बरामद हुआ है।

मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के पुलिस महानिदेशक, बीरभूम के पुलिस अधीक्षक तथा अभियान में शामिल सभी पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने त्वरित, पेशेवर और निर्णायक कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का भ्रष्टाचार विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा और 'भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता' इसकी मूल नीति रहेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक संसाधनों का दुरुपयोग कर और पूर्ववर्ती सत्तारूढ़ राजनीतिक दल के संरक्षण में अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की संपत्ति पर केवल जनता का अधिकार है और उसे लूटने वालों को कानून की पूरी शक्ति का सामना करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में माफिया गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर