बीरभूम : पुलिस मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात अपराधी
36 आपराधिक मामलों में था आरोपित
बीरभूम, 17 नवंबर (हि. स.)। बीरभूम जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल विश्वजीत दास को गोली मारने का आरोपित रतन शेख मारा गया। बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज भुंदेश ने मंगलवार को शांतिनिकेतन थाने में पत्रकार वार्ता कर घटना की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर दोबारा गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक सवाल भी उठने लगे हैं। अब पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को लाइकबाजार इलाके में पुलिस की कार्रवाई के दौरान रतन शेख ने कांस्टेबल विश्वजीत दास को गोली मार दी थी। गोली लगने से कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को पूर्व बर्दवान जिले के नवाबहाट इलाके से रतन शेख को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे बीरभूम के नानूर थाना क्षेत्र के उच्चकरण गांव स्थित एक पुराने और बंद पड़े ईंट भट्ठे में ले गई थी।
पुलिस का दावा है कि वहां से 7-एमएम की पिस्तौल बरामद करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान रतन शेख ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पहली गोली पुलिस वाहन में लगी। इसके बाद उसने दोबारा गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से रतन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, रतन शेख के खिलाफ यौन उत्पीड़न, लूटपाट और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 36 आपराधिक मामले दर्ज थे। इस मामले में उसके दो कथित सहयोगियों नूर हुसैन शेख और रमेश लोहार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रतन को हथियार किसने उपलब्ध कराया था और जेल से बाहर आने के बाद किन लोगों ने उसकी मदद की थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुठभेड़ की परिस्थितियों की न्यायिक जांच कराई जा रही है। घटनास्थल पर विधि-विज्ञान विशेषज्ञों से जांच कराने का भी अनुरोध किया गया है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि कांस्टेबल विश्वजीत दास को घायल करने में इस्तेमाल किया गया हथियार ही बरामद हुआ था या नहीं। साथ ही रतन शेख की मौत किसकी गोली से हुई और पुलिस ने किन परिस्थितियों में जवाबी फायरिंग की, इसकी भी पड़ताल होगी।
उन्होंने कहा कि यदि अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) अथवा कोई अन्य जांच एजेंसी मामले की जांच करना चाहती है तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं होगी।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने पुलिस मुठभेड़ की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को सजा देने का अधिकार न्यायपालिका के पास है। उन्होंने मुठभेड़ से जुड़े दृश्य साक्ष्यों और मानवाधिकार के पहलुओं को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

