सब-असिस्टेंट इंजीनियर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बोलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)।
सरकारी निर्माण कार्य के बिल को पास कराने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जामबनी बीडीओ कार्यालय के एक सब-असिस्टेंट इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान बिमल साहा के रूप में हुई है।
आरोप है कि एक सब-हेल्थ सेंटर के निर्माण कार्य से जुड़े बिल के भुगतान की प्रक्रिया में मदद करने के बदले उससे दो लाख की मांग की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को कथित रिश्वत की रकम दी। इसी दौरान एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद बीडीओ कार्यालय में हड़कंप मच गया। एसीबी अधिकारियों ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले भी सरकारी कार्यों या बिलों के भुगतान के नाम पर इस तरह की रकम लेता था या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

