बीरभूम में आठ अवैध पत्थर खदानों को बंद करने का प्रशासनिक नोटिस जारी
कोलकाता, 01 अगस्त (हि. स.)। बीरभूम जिले में पत्थर कारोबारी टुलु मंडल से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के बीच जिला प्रशासन ने अवैध पत्थर खदानों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को मोहम्मदबाजार और रामपुरहाट क्षेत्र की आठ पत्थर खदानों को बंद करने का नोटिस जारी किया गया।
प्रशासन के अनुसार, मोहम्मदबाजार ब्लॉक के भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी आनंद विश्वास के नेतृत्व में दीवानगंज मौजा स्थित टुलु मंडल के रिश्तेदार अपेल मोर्तजा की पत्थर खदान पर बंदी का नोटिस चस्पा किया गया। इसके अलावा मनोज टुडू, शेख करिबुल, सरताज मोल्ला, सुनील सोरेन और शुभधन टुडू की खदानों को भी बंद करने का निर्देश दिया गया है।
चांदा मौजा में तारक टुडू और अनिल किस्कू की खदानों तथा हाटगाछा मौजा में बुधन मरांडी की खदान का भी निरीक्षण किया गया। इन सभी खदानों को अवैध बताते हुए सरकार की ओर से बंद करने का नोटिस जारी किया गया है।
रामपुरहाट-एक ब्लॉक के भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी सुमन विश्वास ने एक शिकायत के आधार पर चार खदानों का निरीक्षण किया। चांदपुर मौजा में साफाउद्दीन शेख, जसीमुद्दीन शेख और प्रियतोष कर्मकार की खदानों पर नोटिस लगाया गया, जबकि एकपाड़ा मौजा में मिलन शेख की खदान बंद करने का निर्देश दिया गया।
गत माह भी मोहम्मदबाजार क्षेत्र की नौ खदानों को इसी प्रकार का नोटिस जारी किया गया था। उस समय भी अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। हालांकि स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि नोटिस के अगले दिन भी कई खदानों में कार्य जारी रहा। ऐसे में इस बार प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है।
उल्लेखनीय है कि एक समय तृणमूल कांग्रेस नेताओं के करीबी माने जाने वाले पत्थर कारोबारी टुलु मंडल वर्तमान में विदेश में बताए जा रहे हैं। गत बुधवार उनके रिश्तेदार मीनार मंडल के घर से लगभग 28.5 करोड़ रुपये नकद और करीब 15 किलोग्राम सोना बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने मीनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बरामद धन की उत्पत्ति की जांच कर रही है। इसी क्रम में नेपाल जाने के दौरान टुलु मंडल के भांजे शेख वासिम को भी गिरफ्तार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

