विश्वभारती सहकारी समिति के चुनाव में नामांकन को लेकर हंगामा, अनुव्रत मंडल के करीबी को सुनने पड़े ‘चोर-चोर’ के नारे
वीरभूम, 24 नवंबर (हि. स.)। करीब पांच वर्षों के लंबे गतिरोध के बाद विश्वभारती विश्वविद्यालय की सहकारी ऋण समिति के चुनाव की घोषणा होते ही बोलपुर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही मंगलवार को हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। नामांकन दाखिल करने पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के नेता और अनुव्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले देवब्रत सरकार उर्फ गगन सरकार को विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें निशाना बनाकर ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। आरोप है कि उनकी बाइक पर थप्पड़ मारकर उन्हें वहां से लौटने के लिए मजबूर कर दिया गया। इस दौरान वह अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सके। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, विश्वभारती की सहकारी ऋण समिति में पिछले करीब पांच वर्षों से चुनाव नहीं हुआ था। लंबे समय से चली आ रही इस स्थिति के बाद अब आगामी 17 दिसंबर को मतदान कराने की घोषणा की गई है। समिति की कुल 59 सीटों के लिए चुनाव होगा, जिसमें एक हजार 458 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर निर्धारित की गई है। हालांकि, नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन हुए हंगामे ने चुनाव से पहले ही राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
मंगलवार को अनुव्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले तृणमूल नेता देवब्रत सरकार उर्फ गगन सरकार जब नामांकन दाखिल करने पहुंचे, तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही एक पक्ष के लोगों ने उन्हें घेरकर ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, उनकी बाइक पर थप्पड़ मारकर उन्हें वहां से जाने के लिए मजबूर किया गया। इस घटनाक्रम के कारण वह नामांकन दाखिल नहीं कर पाए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लंबे समय तक विश्वभारती की इस सहकारी समिति में गगन सरकार का प्रभाव रहा था। राज्य में राजनीतिक सत्ता परिवर्तन के बाद से ही भाजपा नेताओं के एक वर्ग में उनके प्रति नाराजगी बढ़ने की बात सामने आती रही है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के कई अन्य पुराने नेताओं को भी नामांकन दाखिल करने से रोकने का आरोप लगा है। इन नेताओं का दावा है कि चुनाव में हिस्सा लेने का अधिकार होने के बावजूद उन्हें सुनियोजित तरीके से नामांकन दाखिल करने से रोका जा रहा है। इसको लेकर सहकारी समिति के चुनाव में निष्पक्षता और सभी उम्मीदवारों को समान अवसर देने के सवाल भी उठने लगे हैं। चुनाव से पहले ही पुराने प्रभावशाली नेताओं और नए राजनीतिक समीकरणों के बीच टकराव की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।
इधर, मंगलवार को विश्वभारती के प्राध्यापक बिप्लब लौह चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने सहकारी समिति के चुनाव को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की सहकारिता संबंधी विचारधारा से जोड़ते हुए कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर की सहकारिता की सोच के सौ वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। वे लोग इस विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भ्रष्टाचार मुक्त सहकारी व्यवस्था का निर्माण करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि अतीत में चुनाव नहीं होने दिया गया। अचानक पुलिस की ओर से पत्र देकर कहा गया था कि चुनाव नहीं होगा। लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उनकी कोशिश एक सुंदर, पारदर्शी और सही सहकारी व्यवस्था स्थापित करने की है।
विश्वभारती की सहकारी ऋण समिति का यह चुनाव अब केवल एक संस्थागत चुनाव तक सीमित नहीं रह गया है। पांच वर्षों के बाद हो रहे इस चुनाव में 59 सीटों पर किसका कब्जा होगा, इसे लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नामांकन के पहले दिन हुए हंगामे ने आगामी मतदान से पहले ही चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

