आरोपित की गोली से पुलिसकर्मी घायल, फायरिंग कर फरार हुआ आरोपित
बीरभूम, 13 नवंबर (हि. स.)। जिले के शांतिनिकेतन में एक आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उसने गोली चला दी। इस घटना में शांतिनिकेतन थाने के पुलिस कांस्टेबल विश्वजीत दास घायल हो गए। गोली उनके पैर में लगी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गोली चलाने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को पुलिस एक आरोपित की तलाश में उसके घर पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने जब आरोपित को नाम लेकर आवाज लगाई, तो वह घर से बाहर निकला और अचानक पुलिस पर गोली चला दी। गोली कांस्टेबल विश्वजीत दास के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ महीने पहले बोलपुर शहर में गोली मारकर एक भाजपा नेता की हत्या कर दी गई थी। अब शांतिनिकेतन में पुलिसकर्मी पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

