home page

विस चुनाव 2026 : झाड़ग्राम-बिनपुर से तृणमूल उम्मीदवार बिरबाहा हांसदा ने भाजपा की चुनौती को किया खारिज

 | 
विस चुनाव 2026 : झाड़ग्राम-बिनपुर से तृणमूल उम्मीदवार बिरबाहा हांसदा ने भाजपा की चुनौती को किया खारिज


झाड़ग्राम, 22 मार्च (हि.स.)।

झाड़ग्राम जिले के बिनपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार सुबह चुनावी प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार और राज्य की वन मंत्री बिरबाहा हांसदा ने भाजपा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि, वे भाजपा को मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में नहीं देखतीं। उनका कहना था कि जहां भाजपा का मजबूत आधार नहीं है, वहां मुकाबला भी सीमित ही रहता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी क्षेत्र में पहले से ही मजबूत स्थिति में है।

बिरबाहा के प्रचार की शुरुआत बिनपुर के ओड़गोंडा स्थित भैरव थान में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान उनके साथ उनकी मां, पूर्व विधायक चुनिबाला हांसदा, परिवार के अन्य सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय आदिवासी समाज ने धामसा-मादल बजाकर उनका स्वागत किया।

पूजा के बाद पास के बिरिडांगा गांव के लोगों ने पेयजल की गंभीर समस्या उनके सामने रखी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के 30–40 परिवारों को आधा किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है, और पाइपलाइन होने के बावजूद पानी नियमित व पीने योग्य नहीं है। इस पर बिरबाहा हांसदा ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

इसके बाद उन्होंने कामारंधी गांव में आदिवासी कवि साधु रामचंद मुर्मू के घर जाकर ग्रामीणों से बातचीत की। शिलदा में पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी की, जिसमें कई स्थानीय तृणमूल नेता शामिल हुए।

वहीं, रविवार को ही झाड़ग्राम जिले के बिनपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मुकाबले को लेकर भाजपा उम्मीदवार प्रणत टुडू ने तृणमूल पर पलटवार करते हुए कहा कि, “तृणमूल नेताओं के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं। बिनपुर की जनता बदलाव चाहती है और इस बार लोग विकास और पारदर्शिता के पक्ष में वोट देंगे। परिणाम आने पर साफ हो जाएगा कि यहां किसकी वास्तविक पकड़ है।”

स्थानीय स्तर पर समीक्षा करने पर सामाजिक लोगों ने बताया कि इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं। जंगलमहल क्षेत्र में आदिवासी वोट बैंक को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता