पितृसत्तात्मक परंपरा तोड़ विमान बसु ने मनाया बोनफोंटा, समानता का दिया संदेश
कोलकाता, 11 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को भाईफोंटा (भाई दूज) का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना करती हैं।
इस परंपरा को लेकर समाज के एक वर्ग का मानना है कि यह पितृसत्तात्मक व्यवस्था और लैंगिक असमानता का प्रतीक है। इसी सोच को बदलने का संदेश देते हुए वाममोर्चा के अध्यक्ष विमान बसु ने लगातार दूसरे वर्ष बोनफोंटा (बहन दूज) मनाया। उन्होंने परंपरा से हटकर महिलाओं के सम्मान और समान अधिकारों की आवाज उठाई।
वर्ष 2025 में पहली बार स्टूडेंट्स हेल्थ होम की ओर से बोनफोंटा का आयोजन किया गया था। इस वर्ष भी यह आयोजन जारी रहा। मंगलवार को भाईफोंटा का पर्व होने से एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को स्टूडेंट्स हेल्थ होम में बहनफोंटा मनाया गया। इस कार्यक्रम में वाममोर्चा के अध्यक्ष विमान बसु सहित कई विशिष्ट लोग उपस्थित थे। विमान बसु ने वहां रहने वाली अलग-अलग उम्र की बहनों और महिलाओं के माथे पर टिका लगाकर इस अनूठी परंपरा को आगे बढ़ाया। इस आयोजन के माध्यम से उन्होंने पितृसत्तात्मक व्यवस्था को समाप्त करने और समाज की सोच बदलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विमान बसु ने कहा कि इस तरह का अनूठा आयोजन करने के लिए स्टूडेंट्स हेल्थ होम बधाई का पात्र है। उन्होंने बताया कि एक पुस्तक पढ़ने के दौरान उन्हें जानकारी मिली थी कि बांग्लादेश में भी इस तरह का आयोजन होता है। वहां शाहबाग आंदोलन के समय इसकी शुरुआत हुई थी।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में अभी भी पितृसत्तात्मक व्यवस्था समाप्त नहीं हुई है। इस व्यवस्था से बाहर निकलने के लिए विशेष रूप से छात्र-छात्राओं के बीच नई सोच और विचारधारा का प्रसार करना आवश्यक है। स्टूडेंट्स हेल्थ होम की यह पहल महिला और पुरुष के सम्मान तथा समान अधिकारों के सवाल पर समाज को नए सिरे से सोचने के लिए प्रेरित करेगी।
उल्लेखनीय है कि बोनफोंटा की शुरुआत बांग्लादेश में हुई थी। वहां प्रत्येक वर्ष 16 अक्टूबर को बोनफोंटा मनाया जाता है। स्टूडेंट्स हेल्थ होम में पहले से ही भाईफोंटा का आयोजन होता था। हालांकि, आरजी कर अस्पताल की घटना के बाद विमान बसु ने संस्थान को बोनफोंटा आयोजित करने का सुझाव दिया था।
बताया जाता है कि उनके इसी सुझाव के बाद वर्ष 2025 में पहली बार संस्थान के आवासीय परिसर में बोनफोंटा का आयोजन किया गया। इस वर्ष भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

