गोजमुमो सुप्रीमो बिमल गुरुंग ने पहाड़ की स्थायी समाधान को लेकर जताई उम्मीद
सिलीगुड़ी, 23 अगस्त (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा के नक्सलबाड़ी में रविवार को आयोजित एक जनसभा के बाद गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (गोजमुमो) सुप्रीमो बिमल गुरुंग ने पहाड़ की राजनीतिक स्थिति और भविष्य की रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के साथ हालिया बैठक के बाद उन्होंने पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के संवैधानिक समाधान को लेकर उम्मीद जताई है।
बिमल गुरुंग ने कहा कि उच्चस्तरीय बैठक के बाद पहाड़ के राजनीतिक समाधान और दीर्घकालीन विकास के लिए एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया गया है।
उनके मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा और चिकन नेक कॉरिडोर की अहमियत को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की भूमि सुरक्षा और 11 जनजातियों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिलाने जैसे मुद्दों को बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही जनजातीय लोगों के जमीन अधिकारों की सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगार और पहाड़ से जबरन वसूली की संस्कृति खत्म करने पर भी जोर दिया गया।
बिमल गुरुंग ने कहा कि समाधान में समय लग सकता है, लेकिन उनकी पार्टी स्थायी समाधान चाहती है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सात अक्टूबर को गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

