अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, दो की मौत
पश्चिम मेदिनीपुर, 28 अप्रैल (हि. स.)। जिले में बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम चंद्रकोणा थाना के राधानगर इलाके में श्रीनगर–पलाशचापड़ी सड़क पर हुई। मृतकों की पहचान सागर मन्ना (23) और विद्युत चौर (24) के रूप में हुई है। दोनों का घर सोनापुर गांव में बताया गया है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तेज गति से आ रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पास के तालाब में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक तालाब में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें चंद्रकोणा ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक की गति बहुत अधिक थी। दुर्घटनास्थल से शराब की एक बोतल भी बरामद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बोतल टूटकर एक युवक के शरीर में गहराई तक धंस गई थी, जिससे अधिक रक्तस्राव हुआ।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

