home page

तीस्ता पुल पर भीषण बाइक हादसा, तीन युवकों की मौत

 | 

जलपाईगुड़ी, 20 नवंबर (हि.स.)। जलपाईगुड़ी के तीस्ता पुल पर गुरुवार मध्यरात्रि हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई है। शुक्रवार को स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बाइक जलपाईगुड़ी से मयनागुड़ी की ओर जा रही थी। उस पर तीन लोग सवार थे।

बताया जा रहा है कि तीस्ता पुल के बीचों-बीच पहुंचते ही बाइक अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों सवार पुल पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। उनकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद तीस्ता पुल की एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। बाद में पुलिस ने स्थिति संभालते हुए यातायात सामान्य कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार