विकास रंजन भट्टाचार्य के घर पर हमले के मामले में एक गिरफ्तार
कोलकाता, 09 अक्टूबर (हि.स.)। वरिष्ठ अधिवक्ता और माकपा के पूर्व राज्यसभा सांसद विकास रंजन भट्टाचार्य के घर पर हमले के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार तड़के गड़िया इलाके से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार युवक का नाम बाप्पा गुछैत है। 29 वर्षीय आरोपित गड़िया के बोयालिया इलाके का निवासी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे शुक्रवार तड़के चार बजे गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ जानबूझकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, दूसरों के जीवन में बाधा उत्पन्न करने, महिला के साथ छेड़छाड़, अपमानजनक व्यवहार से इलाके की शांति भंग करने और धमकी देने जैसे आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा अपराध के सबूत मिटाने, धोखाधड़ी और दस्तावेजों में जालसाजी से संबंधित धाराएं भी बाद में जोड़ी गई हैं।
इस मामले में शुक्रवार को राज्य सरकार की तरफ से कलकत्ता उच्च न्यायालय को गिरफ्तारी की जानकारी दी गई। पुलिस अब इस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि गुरुवार तड़के विकास रंजन भट्टाचार्य के घर पर हमले की घटना सामने आई थी। आरोप है कि उनके घर पर शराब की बोतल फेंककर खिड़की के शीशे तोड़ दिए गए और अश्लील भाषा में गाली-गलौज की गई। इस घटना से अधिवक्ता समुदाय में चिंता जताई गई थी।
वरिष्ठ अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य ने इस घटना के लिए कथित हिंदुत्ववादी तत्वों को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने बताया था कि सुबह करीब पांच बजे एक व्यक्ति उनके घर के सामने आकर बोतल फेंक रहा था। उसके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। इस दौरान उनके घर में काम करने वाली महिला बाल-बाल बच गई।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक गमछे से अपना चेहरा ढककर कथित तौर पर बोतल फेंकता दिखाई दिया। आरोप है कि वह गाली-गलौज करते हुए विकास रंजन भट्टाचार्य का नाम लेकर कह रहा था कि उनके खिलाफ न जाएं, क्योंकि वे देशभक्त हैं। हालांकि, इस फुटेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
विकास रंजन भट्टाचार्य ने आरोप लगाया था कि हिंदुत्ववादी तत्व उन्हें इस तरह से सबक सिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि गरीब लोगों के लिए लड़ने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।
उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपित की पहचान की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था, आरोपित ने किसके निर्देश पर घटना को अंजाम दिया और उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

