home page

भारत रत्न भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि

 | 
भारत रत्न भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि


कोलकाता, 5 नवंबर (हि.स.)। सुविख्यात संगीतकार और गायक भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने समाज माध्यम पर एक संदेश जारी कर महान कलाकार को नमन किया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में लिखा, किंवदंती संगीत कलाकार, कवि, संगीतकार, फिल्म निर्देशक और अभिनेता भारत रत्न भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।

उल्लेखनीय है कि भूपेन हजारिका का जन्म आठ सितंबर 1926 को असम के सदिया में हुआ था। उनका निधन पांच नवंबर 2011 को मुंबई में हुआ था। गुरुवार को उनकी 15वीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है। उन्हें असम की सांस्कृतिक पहचान और भारतीय संगीत जगत का एक महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है।

भूपेन हजारिका ने अपनी विशिष्ट आवाज, गीतों और संगीत के माध्यम से असम की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने असमिया के अलावा हिंदी और बांग्ला सहित कई भारतीय भाषाओं में गीत गाए। उनके लोकप्रिय गीतों में 'दिल हूं हूं करे' और 'ओ गंगा तू बहती है क्यों' आज भी संगीत प्रेमियों के बीच विशेष स्थान रखते हैं।

संगीत और सिनेमा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, पद्मश्री, पद्मभूषण और पद्म विभूषण सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। वर्ष 2019 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

उनकी रचनाएं आज भी संगीत प्रेमियों को मानवीय संवेदना, सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश देती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता