स्कूल जाते समय ट्रेन की चपेट में आई नौवीं की छात्रा की मौत
भोगपुर, 25 अगस्त (हि. स.)। स्कूल जाते समय ट्रेन की चपेट में आने से नौवीं कक्षा की एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पूर्व मेदिनीपुर जिले के भोगपुर इलाके में यह हादसा हुआ। मृत छात्रा की पहचान सोमा जाना (14) के रूप में हुई है। वह स्थानीय भोगपुर केनाराम मेमोरियल हाई स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा थी। उसका घर भी भोगपुर इलाके में ही है।
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, सोमा मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। सुबह करीब साढ़े 10 बजे भोगपुर स्टेशन के पास रेल पटरी पार करते समय अचानक तेज गति से ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों और रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया। सूचना मिलने पर छात्रा के परिजन और सहपाठी भी घटनास्थल पर पहुंचे। सहपाठी की अचानक मौत से परिवार के साथ पूरे इलाके और स्कूल में शोक की लहर है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

