भवानीपुर चुनाव परिणाम को चुनौती देने हाईकोर्ट पहुंचीं ममता बनर्जी, दायर की याचिका
कोलकाता, 16 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा चुनाव के परिणाम को चुनौती देते हुए मंगलवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की। याचिका दाखिल करने के लिए वह स्वयं हाईकोर्ट पहुंचीं और शपथ आयुक्त के समक्ष हस्ताक्षर कर औपचारिक रूप से मामला दर्ज कराया।
ममता बनर्जी के साथ तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन, डोला सेन, कुणाल घोष और कल्याण बनर्जी भी मौजूद थे। अदालत परिसर में उनकी मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 14 मई को भी ममता बनर्जी हाईकोर्ट पहुंची थीं। उस दिन वह अधिवक्ता के रूप में अदालत में पेश होने वाली थीं, इसलिए उन्हें वकीलों की पारंपरिक पोशाक में देखा गया था। हालांकि मंगलवार को वह सामान्य रूप से साड़ी पहनकर अदालत पहुंचीं।
हालिया विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को भाजपा नेता और वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हाथों 15 हजार 105 मतों से पराजय का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही ममता इस हार को स्वीकार करने के बजाय मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाती रही हैं।
चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के अगले दिन पांच मई को कालीघाट स्थित अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ममता बनर्जी ने दावा किया था कि उनकी पार्टी वास्तव में नहीं हारी है, बल्कि चुनाव में धांधली और वोट लूट हुई है। अब उसी आधार पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए चुनाव परिणाम को चुनौती दी है।
गौरतलब है कि 2021 में नंदीग्राम विधानसभा सीट पर शुभेंदु अधिकारी से पराजित होने के बाद भी ममता बनर्जी ने चुनाव याचिका दायर की थी। वह मामला अब भी अदालत में लंबित है। भवानीपुर चुनाव को लेकर दायर नई याचिका पर राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

