दूसरे चरण के मतदान से पहले भाटपाड़ा में हिंसा, गोलीबारी में सीआईएसएफ जवान घायल
कोलकाता, 27 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में देर रात भारी तनाव और हिंसा की घटना सामने आई। भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह (पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के पुत्र) के घर के बाहर गोलीबारी और बमबाजी की खबर है। इस घटना में केंद्रीय बल का एक जवान घायल हो गया, जो पवन सिंह की सुरक्षा में तैनात थे। घायल सीआईएसएफ जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की शुरुआत रविवार शाम को हुई। आरोप है कि जगद्दल के आठचाला बागान इलाके में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता बिट्टू महतो पार्टी का झंडा और बैनर लगा रहे थे, तभी भाजपा समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद घायल कार्यकर्ता तृणमूल नेताओं—सौरभ सिंह, गोपाल राउत और देवज्योति घोष समेत अन्य के साथ शिकायत दर्ज कराने जगद्दल थाने पहुंचे।
बताया जा रहा है कि यह खबर मिलते ही अर्जुन सिंह अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। देर रात तक हालात बिगड़ते गए और थाने के बाहर पथराव शुरू हो गया।
भाटपाड़ा से तृणमूल उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि, “हमारे एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई। जब हम शिकायत दर्ज कराने गए तो अर्जुन सिंह ने दबंगई दिखाई और हम पर हमला किया। अब थाने भी सुरक्षित नहीं रहे।” हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज किया है और दावा किया कि उनके समर्थकों पर ही हमला किया गया।
कुछ समय बाद थाने के पास स्थिति शांत हो गई, लेकिन तनाव की लपटें पवन सिंह के घर तक पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वहां बम फेंके गए और कम से कम एक राउंड गोली चलाई गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे पवन सिंह के सुरक्षा गार्ड, सीआईएसएफ जवान योगेश शर्मा, को गोली लग गई, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं की गोली से जवान घायल हुए हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों से इनकार करते हुए इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली किसने चलाई।
घटना के बाद भाटपाड़ा में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग ने भी इस पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

