नदी में डूबे युवक के घर पहुंचे विधायक, परिजनों को दिया सहयोग का आश्वासन
हुगली, 16 मई (हि.स.)। हुगली जिले के श्रीरामपुर महेश इलाके में सत्यम साव नामक युवक नहाते समय गंगा नदी में डूब गया था। शुक्रवार अपराह्न जगन्नाथ घाट इलाके से उसका शव बरामद हुआ। घटना की खबर सुनते ही श्रीरामपुर के विधायक भास्कर भट्टाचार्य शुक्रवार रात श्रीरामपुर नगरपालिका के 21 नंबर वार्ड में स्थित सत्यम के घर पहुंचे और उसके परिजनों से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में परिवार से साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि यह घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और मर्माहत करने वाला है। इस दुख घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ हैं। शनिवार को सत्यम के शव का पोस्टमार्टम श्रीरामपुर वाल्श अस्पताल में किया जायेगा।
इस दौरान स्थानीय लोगों की भावुक प्रतिक्रिया भी सामने आई। स्थानीय निवासी रंजन नायक ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में पहली बार किसी विधायक को इलाके के आम लोगों के दुख-दर्द में साथ खड़े होते देखा गया है। उन्हें आशा है कि इलाके के लोगों के हर सुख दुःख में विधायक ऐसे ही साथ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

