home page

रिषड़ा से आईएसआई संदिग्ध की गिरफ्तारी पर मंत्री भास्कर भट्टाचार्य बोले—‘अब पुलिस बिना दबाव के कर रही काम’

 | 
रिषड़ा से आईएसआई संदिग्ध की गिरफ्तारी पर मंत्री भास्कर भट्टाचार्य बोले—‘अब पुलिस बिना दबाव के कर रही काम’


हुगली, 20 अगस्त (हि. स.)। रिषड़ा से कथित आईएसआई संदिग्ध जफर शम्स उर्फ शनि की गिरफ्तारी को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में पुलिस बिना किसी राजनीतिक दबाव के स्वतंत्र रूप से और पूरी दक्षता के साथ काम कर रही है।

गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि यह गंभीरता से विचार करने की जरूरत है कि श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों से ऐसे संदिग्ध लोगों की गिरफ्तारी क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की तह तक जाना और इसकी गहन जांच करना जरूरी है।

मंत्री ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने पुलिस के हाथ बांध रखे थे, पुलिस को चूड़ियां पहना रखी थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में पुलिस को बिना किसी दबाव के काम करने की पूरी स्वतंत्रता मिली है और इसी वजह से पुलिस अपनी दक्षता के साथ कार्रवाई कर पा रही है।

भट्टाचार्य ने कहा कि हाल के दिनों में पाकिस्तानी नागरिकों तथा कथित आईएसआई नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की लगातार गिरफ्तारियां इस बात का प्रमाण हैं कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रियता के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

रिषड़ा से जफर शम्स उर्फ शनि की गिरफ्तारी के बाद इलाके में सुरक्षा और खुफिया गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मंत्री ने संकेत दिया कि ऐसे मामलों में जांच को केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रखते हुए पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े संभावित संपर्कों की भी पड़ताल जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय