home page

'युवसाथी' की जगह 'भरोसा' योजना को मंत्रिमंडल की मंजूरी, जनवरी से बेरोजगार युवाओं को मिलेगा मासिक भत्ता : शुभेंदु अधिकारी

 | 
'युवसाथी' की जगह 'भरोसा' योजना को मंत्रिमंडल की मंजूरी, जनवरी से बेरोजगार युवाओं को मिलेगा मासिक भत्ता : शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 23 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए नई बेरोजगारी भत्ता योजना 'भरोसा' के विस्तृत स्वरूप की घोषणा की। नवान्न में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को अंतिम मंजूरी दे दी गई। बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यह भत्ता आगामी जनवरी महीने से मिलना शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 'भरोसा' योजना के तहत स्नातक (ग्रेजुएट) और सरकारी कॉलेजों से व्यावसायिक प्रशिक्षण (वोकेशनल ट्रेनिंग) प्राप्त युवाओं को प्रति माह दो हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, जो युवा स्नातक नहीं हैं, उन्हें प्रति माह डेढ़ हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। फिलहाल अगले 15 महीनों तक इसी दर से भत्ता दिया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि इस योजना के तहत स्नातकों को तीन हजार रुपये और गैर-स्नातकों को दो हजार रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। इस राशि में अस्थायी कटौती का कारण स्पष्ट करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नई सरकार को सत्ता में आए अभी केवल छह महीने ही हुए हैं। इस बीच हमें लंबे समय से लंबित महंगाई भत्ते (डीए) के एक बड़े हिस्से का भुगतान करना पड़ा है, जिस पर काफी खर्च हुआ है। इसलिए जनवरी से अगले 15 महीनों तक हम स्नातकों और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को दो हजार रुपये तथा गैर-स्नातकों को डेढ़ हजार रुपये देंगे। उन्होंने आगे कहा कि आगामी वित्त वर्ष 2028-29 से पूर्व की घोषणा के अनुसार ही बढ़ी हुई राशि दी जाएगी। उन्होंने युवाओं से अगले 15 महीनों तक सहयोग करने का अनुरोध किया।

उल्लेखनीय है कि 2026 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बेरोजगार युवाओं के लिए 'युवसाथी' योजना शुरू की थी, जिसके तहत प्रति माह डेढ़ हजार रुपये दिए जाते थे। हालांकि, यह भत्ता केवल दो महीने ही मिल सका था और राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद इसे बंद कर दिया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व सरकार की योजना को चुनावी बताते हुए कहा कि अब इसका नाम बदलकर केंद्रीय योजनाओं के अनुरूप 'भरोसा' कर दिया गया है और इसके दायरे में तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को भी शामिल किया गया है।

योजना की पात्रता के संबंध में स्पष्ट किया गया है कि एक परिवार से अधिकतम दो व्यक्ति ही इस भत्ते के लिए पात्र होंगे। इसके अलावा, जो लोग 'अन्नपूर्णा' या किसी अन्य सरकारी भत्ते का लाभ उठा रहे हैं, उन्हें 'भरोसा' योजना के दायरे से बाहर रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा