भारतमाला परियोजना के तहत नई सड़क निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू होगी : शांतनु ठाकुर
कोलकाता, 18 जून (हि.स.)। बनगांव के नीलदर्पण मैदान में गुरूवार को आयोजित जनकल्याण शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत मुर्शिदाबाद से टाकी तक सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा के लिए पहले ही कंटीले तार लगाने का काम चल रहा है और अब सड़क परियोजना पर भी तेजी से काम होगा।
निरीक्षण के दौरान शांतनु ठाकुर ने लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेते देखा। इस मौके पर उन्होंने बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन के फॉर्म और पौधे भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याण शिविर योजना के जरिए बड़ी संख्या में लोग सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि शिविर की लोकप्रियता को देखते हुए इसकी अवधि एक दिन बढ़ा दी गई है।
यशोर रोड के विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई है और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। डिम थेरेपी पर दिए गए उनके बयान को भी उन्होंने दोहराते हुए कहा कि यह आज के समय के लिए उपयोगी है।
इसके अलावा मतुआ समुदाय से जुड़े भत्तों को लेकर उन्होंने विधायकों से विधानसभा में प्रस्ताव लाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

