सिलीगुड़ी में भानुभक्त आचार्य जयंती समारोह, सांसद राजू बिष्ट ने दी श्रद्धांजलि
सिलीगुड़ी, 13 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी के दीनबंधु मंच में नेपाली भाषा के आदिकवि भानुभक्त आचार्य की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ सोमवार को मनाई गई। इस अवसर पर दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजू बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजकों ने सांसद राजू बिष्ट का पारंपरिक उत्तरीय और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने भानुभक्त आचार्य के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, विशिष्ट अतिथि और सांस्कृतिक जगत के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि आदिकवि भानुभक्त आचार्य नेपाली भाषा और साहित्य के अमर व्यक्तित्व है। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में शामिल होना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। उनका साहित्य और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि भानुभक्त आचार्य का योगदान केवल नेपाली भाषा और साहित्य तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी रचनाओं ने भारत, नेपाल और विश्वभर के नेपाली भाषी समाज की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भानुभक्त आचार्य के जीवन, साहित्य और विचारों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

