home page

भांजपुर-बेतनटी रेलखंड में भू-स्खलन, कई ट्रेनें रद्द, शटल सेवा शुरू

 | 
भांजपुर-बेतनटी रेलखंड में भू-स्खलन, कई ट्रेनें रद्द, शटल सेवा शुरू


कोलकाता, 18 अगस्त (हि. स.)। भांजपुर-बेतनटी रेलखंड के बीच किलोमीटर संख्या 52/02 और 52/03 पर भू-स्खलन होने के कारण रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। रेलवे प्रशासन की ओर से प्रभावित स्थान पर युद्धस्तर पर बहाली का काम किया जा रहा है। सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए अगले आदेश तक रेल सेवाओं को नियंत्रित किया गया है। यह जानकारी रेलवे की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

रेलवे के अनुसार, 18 अगस्त को निर्धारित 18401 बांगरीपोसी-पुरी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 68174/68175 भांजपुर-रुपसा-भांजपुर, 68176/68177 भांजपुर-रुपसा-बारीपदा तथा 68179/68178 बारीपदा-बांगरीपोसी-बारीपदा रेल सेवाएं भी रद्द रहेंगी।

यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे ने रुपसा-बेतनटी के बीच विशेष शटल सेवा शुरू की है। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार रुपसा से बेतनटी के लिए शटल सेवा सुबह 9:40 बजे रवाना होकर 11:00 बजे पहुंचेगी। दूसरी सेवा रुपसा से दोपहर 3:25 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे बेतनटी पहुंचेगी। तीसरी सेवा शाम 6:15 बजे रवाना होकर शाम 7:15 बजे बेतनटी पहुंचेगी।

रेलवे ने बताया कि विशेष शटल सेवा अगले आदेश तक जारी रहेगी। इसका संचालन परिचालन एवं सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के आधार पर किया जाएगा। यात्रियों से संशोधित व्यवस्था का ध्यान रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने का आग्रह किया गया है।

रेल प्रशासन प्रभावित स्थान पर आवश्यक कार्य कर रहा है। स्थिति में बदलाव होने पर आगे की जानकारी जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता