तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला की गाड़ी पर बमबाजी का आरोप
कैनिंग (दक्षिण 24 परगना), 22 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में एक बार फिर राजनीतिक तनाव भड़क उठा है। कैनिंग पूर्व से तृणमूल कांग्रेस विधायक शौकत मोल्ला की गाड़ी को निशाना बनाकर बमबाजी किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस ने इस हमले के पीछे इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) का हाथ होने का दावा किया है, हालांकि आईएसएफ ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
घटना की शुरुआत शनिवार शाम भांगड़ के पोलरहाट थाना अंतर्गत गाज़ीपुर इलाके से हुई। आरोप है कि दीवार लेखन को लेकर आईएसएफ और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ। आईएसएफ का दावा है कि उनकी दीवार लेखन को मिटाकर जबरन कब्जा किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया।
इसी दौरान स्थानीय तृणमूल नेता खैरुल इस्लाम समेत कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जहां आईएसएफ और तृणमूल के बीच हाथापाई हो गई। इस झड़प में दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हुए। आरोप है कि आईएसएफ समर्थकों ने तृणमूल के दो वाहनों में तोड़फोड़ की, जबकि घायलों को कोलकाता के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इसी घटना के कुछ समय बाद, बैठक खत्म कर लौट रहे कैनिंग पूर्व के विधायक शौकत मोल्ला की गाड़ी पर हमला किया गया। तृणमूल विधायक का आरोप है कि उनकी गाड़ी को लक्ष्य कर बम फेंके गए और एक राउंड गोली भी चलाई गई। शौकत मोल्ला के मुताबिक, उन्होंने गाड़ी की सीट के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। उनके काफिले की कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई।
शौकत मोल्ला ने आरोप लगाया कि यह हमला आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दिकी के इशारे पर किया गया। हालांकि नौशाद सिद्दिकी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं, वही इलाके का माहौल बिगाड़ने और हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना के बाद से भांगड़ के विभिन्न इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके और दोबारा कोई हिंसा न हो। पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाओं में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

