भांगड़ में तनाव के बीच नौशाद सिद्दीकी ने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील
दक्षिण 24 परगना, 06 मई (हि. स.)। जिले के भांगड़ इलाके में विधानसभा चुनाव के बाद भी राजनीतिक तनाव जारी है। आईएसएफ के चेयरमैन नौशाद सिद्दीकी ने दूसरी बार चुनाव जीतने के बाद मंगलवार देर शाम अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि भांगड़, कैनिंग और सोनारपुर इलाके में भाजपा और आईएसएफ के समर्थकों द्वारा तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों पर कब्जा करने और तोड़फोड़ करने के आरोप लगे हैं। कैनिंग पूर्व सीट से तृणमूल उम्मीदवार बहारुल इस्लाम की जीत के बावजूद जीवनतला क्षेत्र में तृणमूल नेता शौकत मोल्ला के कार्यालय और उनके फैन क्लब के दफ्तर पर आईएसएफ समर्थकों के कब्जे का आरोप है। शौकत मोल्ला का फोन भी बंद आ रहा है।
मंगलवार को निमकुड़िया गांव में भी हिंसा की घटना सामने आई। आरोप है कि तृणमूल का झंडा नहीं हटाने पर 50–60 आईएसएफ समर्थकों ने हाकिम अली मोल्ला के घर में घुसकर हमला किया। इस घटना में हाकिम अली और उनकी पत्नी आयशा बीबी को पीटा गया, जिससे आयशा बीबी और उनके बेटे फरीद अली मोल्ला के सिर में चोट लगी। एक अन्य बेटे फिरोज मोल्ला पर धारदार हथियार से हमला करने का भी आरोप है।
इसके अलावा मंगलवार देर शाम शांकशहर और चालताबेड़िया में कई घरों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत मिली है। काठालिया बस स्टैंड पर दुकानों में तोड़फोड़ की कोशिश के दौरान विजयगंज बाजार थाने की पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित किया।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले इसी भांगड़ क्षेत्र में तृणमूल नेता रज्जाक खां की हत्या हुई थी। वहीं न्यू टाउन से सटे हाथीशाला, कुलबेड़िया और जिरानगाछा में भी तृणमूल के पार्टी कार्यालयों पर कब्जे के आरोप आईएसएफ समर्थकों पर लगे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

