सिग्नल तोड़कर दौड़ रहे वाहन की चपेट में आई महिला, बस से कुचलने पर मौत
दक्षिण 24 परगना, 09 सितंबर (हि. स.)। जिले के भांगड़ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत के बाद तनाव फैल गया। घटना भांगड़ के नलमुड़ी इलाके में बसंती राजमार्ग पर हुई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बस और चारपहिया वाहन में तोड़फोड़ की तथा करीब आधे घंटे तक पथावरोध किया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नलमुड़ी इलाके में महिला बसंती राजमार्ग पार करने का प्रयास कर रही थी। उस समय यातायात संकेत लाल था। आरोप है कि संकेत लाल होने के बावजूद एक चारपहिया वाहन और बस तेज गति से आगे बढ़ गए। इसी दौरान चारपहिया वाहन की टक्कर से महिला सड़क पर गिर गई। तभी धामाखाली से कोलकाता जा रही तेज रफ्तार बस ने महिला को कुचल दिया। दुर्घटना में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने बसंती राजमार्ग पर बस और चारपहिया वाहन में तोड़फोड़ की तथा मार्ग अवरुद्ध कर दिया। सूचना पाकर भांगड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थानीय लोगों ने अवरोध हटा लिया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
पुलिस ने महिला के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

