भांगड़ में एनआइए, पुलिस और सीएपीएफ की कड़ी नजरदारी
आसनसोल, 29 अप्रैल (हि.स.)।
दक्षिण 24 परगना जिले के अति संवेदनशील इलाके भांगड़ में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। इस क्षेत्र में नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए), राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। एनआईए की एक विशेष टीम इलाके के विभिन्न अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। साथ ही नियमित गश्त, चेकिंग अभियान और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुबह से ही भांगड़ के कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं और लोग शांतिपूर्ण तरीके से मतदान में हिस्सा ले रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

