शांतिपूर्ण मतदान के बाद भांगड़ में सनसनी, सात ताज़ा बम बरामद
आसनसोल, 30 अप्रैल (हि. स.)। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में जहां भांगड़ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बम बरामदगी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह उत्तर काशीपुर थाना क्षेत्र के भोगाली-1 इलाके से पुलिस ने कुल सात ताज़ा बम बरामद किए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक खाली मैदान में मिर्च के पौधों के नीचे इन बमों को छिपाकर रखा गया था। किसने और किस उद्देश्य से इन बमों को जमा किया था, पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस बार के चुनाव में भांगड़ में पहले की तरह हिंसा का माहौल देखने को नहीं मिला।
पिछले कुछ चुनावों की तुलना में 2026 का मतदान यहां काफी हद तक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग ने पहले से ही कड़े कदम उठाए थे। खासतौर पर बम बरामदगी और बम बनाने से जुड़े मामलों की जांच की जिम्मेदारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपी गई थी।फिलहाल एनआईए की एक टीम भांगड़ में दो मामलों की जांच के सिलसिले में मौजूद है। यहां तक कि मतदान के दिन भी केंद्रीय जांच एजेंसी के सदस्यों को इलाके में गश्त करते हुए देखा गया। माना जा रहा है कि आयोग की सक्रियता के कारण ही भांगड़ में मतदान अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

