चिप्स फैक्ट्री में लगी आग, दमकल ने समय रहते काबू पाया
कोलकाता, 26 मार्च (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ थाना अंतर्गत चंडीपुर इलाके में गुरुवार सुबह एक चिप्स फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। इस घटना से इलाके में हलचल मच गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने तुरंत आग पर काबू पाया और बड़े हादसे को टालने में सफलता हासिल की। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह फैक्ट्री में काम पर आए श्रमिकों ने फैक्ट्री के भीतर धुआं और आग की लपटें देखीं। तुरंत भांगड़ थाने को सूचना दी गई। पुलिस के तुरंत मौके पर पहुंचने के बाद दमकल की एक गाड़ी भी आग बुझाने के लिए भेजी गई। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग पर जल्द नियंत्रण पाया गया।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आग की शुरुआत शॉर्ट सर्किट से हुई है। हालांकि, सटीक कारण जानने के लिए भांगड़ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

