कोरक होम में मनाई गई भाईफोटा उत्सव, आवासिकों के चेहरों पर खिली मुस्कान
जलपाईगुड़ी, 11 नवंबर (हि.स.)। परिवार और अपनों से दूर रह रहे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से जलपाईगुड़ी के सरकारी कोरक होम में इस वर्ष भी भाईफोटा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। एक स्वयंसेवी संस्था और होम प्रबंधन की संयुक्त पहल पर आयोजित यह विशेष आयोजन पिछले 24 वर्षों से लगातार होता आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जलपाईगुड़ी के इस सरकारी कोरक होम में फिलहाल 108 नाबालिग और किशोर आवासिक हैं। इनमें कई ऐसे बच्चे हैं, जिनके माता-पिता नहीं हैं, जबकि कुछ नाबालिग अपराधों में संलिप्त होने के बाद यहां रह रहे हैं। इनमें से कई बच्चे दूसरे राज्यों और पड़ोसी देश बांग्लादेश के रहने वाले हैं। परिवार से दूर और चारदीवारी के भीतर रहने के कारण कई बच्चे भावनात्मक रूप से अकेलापन महसूस करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए हर साल उनके लिए इस विशेष उत्सव का आयोजन किया जाता है।
बुधवार को जलपाईगुड़ी शहर के विभिन्न स्कूलों की छात्राएं और किशोरियां कोरक होम पहुंची और आवासिक किशोरों के माथे पर चंदन का तिलक लगाकर, धान और दूर्वा के साथ उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मिठाइयों और उपहारों का आदान-प्रदान हुआ। होम के बच्चों ने अपने हाथों से बनाई गई पेंटिंग और चॉकलेट उपहार में दी, जबकि छात्राओं ने उन्हें पढ़ाई से जुड़ी सामग्री भेंट की। इस दौरान अपनों से दूर रह रहे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
वहीं, जिन छात्राओं के अपने भाई नहीं हैं, उन्होंने भी होम के बच्चों को भाई के रूप में पाकर खुशी जाहिर की। पूरे परिसर में गीत-संगीत, हंसी और उल्लास का माहौल रहा। इस अवसर पर आवासिकों के लिए विशेष भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।बुधवार को आयोजित इस भावनात्मक कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी और समाज के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

