home page

सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों के साथ धरमपुर की महिलाओं ने मनाया भाईफोटा

 | 
सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों के साथ धरमपुर की महिलाओं ने मनाया भाईफोटा


नदिया, 11 नवंबर (नि.सं.)। देश की सुरक्षा के लिए परिवार से दूर रहकर सीमाओं की रक्षा करने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) जवानों के लिए त्योहारों का दिन अक्सर अधूरा रह जाता है। ड्यूटी की वजह से कई जवान भाईफोटा जैसे खास अवसर पर भी अपनी बहनों से तिलक नहीं लगवा पाते है। ऐसे में उनके इस अधूरेपन को कुछ हद तक दूर करने के लिए नदिया जिले के कृष्णगंज ब्लॉक स्थित धरमपुर गांव की महिलाओं ने अनूठी पहल की।

बुधवार को भाईफोटा के अवसर पर गांव की महिलाएं भारत-बांग्लादेश सीमा के टुंगी इलाके में स्थित बीएसएफ की 32वीं बटालियन के जवानों के पास पहुंची। महिलाओं ने जवानों के माथे पर भाईफोटा का तिलक लगाकर उन्हें भाई के रूप में अपनाया और उनके प्रति स्नेह एवं सम्मान जाहिर किया। इस अवसर पर महिलाओं ने घर की तरह ही पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव का आयोजन किया।

नए कपड़े पहनकर और मिठाइयों की थाली सजाकर वे सीमा पर पहुंची। शंख ध्वनि और दीप प्रज्वलित कर जवानों का स्वागत किया गया। इसके बाद धान और दूर्वा के साथ जवानों के माथे पर तिलक लगाया गया और उन्हें मिठाई खिलाई गई।भारत-बांग्लादेश सीमा पर कंटीले तारों के पास कुछ समय के लिए घर जैसा माहौल बन गया। देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए यह आयोजन भावनात्मक रूप से बेहद खास रहा। ड्यूटी की व्यस्तता के बीच जवानों को इस पहल के जरिए बहनों के स्नेह और अपनापन का एहसास हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार