home page

बलिदान दिवस पर शहीदे आजम भगत सिंह को दी गई सलामी

 | 
बलिदान दिवस पर शहीदे आजम भगत सिंह को दी गई सलामी


आसनसोल, 23 मार्च (हि.स.)।

आसनसोल के भगत सिंह मोड़ पर स्थित की प्रतिमा पर सोमवार बलिदान दिवस के अवसर पर शहीदे आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन नौजवान पंजाबी सभा द्वारा किया गया, जिसमें संस्था के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के एमएमआईसी गुरदास चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। सभी ने शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर देश की आज़ादी में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

गुरदास चटर्जी ने कहा कि भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों के बलिदान की वजह से ही देश को आज़ादी मिली है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से हमें देश सेवा और त्याग की प्रेरणा मिलती है, जिसे हर नागरिक को अपनाना चाहिए।

नौजवान पंजाबी सभा की ओर से बताया गया कि वर्ष 1982 में इस प्रतिमा की स्थापना की गई थी। हर वर्ष भगत सिंह के बलिदान दिवस पर यहां श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा शहीद भगत सिंह को जीवंत सलामी भी दी गई, जिससे पूरे माहौल में देशभक्ति का जज़्बा देखने को मिला।

उल्लेखनीय है कि 23 मार्च 1931 को भारत के महान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को लाहौर जेल में अंग्रेजों द्वारा फांसी दी गई थी। इस शहादत की याद में हर साल 23 मार्च को भारत में शहीद दिवस मनाया जाता है। यह दिन उनके सर्वोच्च बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को नमन करने का अवसर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा