home page

भवानीपुर में ममता बनर्जी के आरोप से पार्षद आवास विवाद गहराया

 | 
भवानीपुर में ममता बनर्जी के आरोप से पार्षद आवास विवाद गहराया


कोलकाता, 29 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भवानीपुर क्षेत्र में राजनीतिक तनाव गहराता जा रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि भवानीपुर के 70 नंबर वार्ड के एक पार्षद के आवास पर केंद्रीय बलों ने कार्रवाई की और इस दौरान वहां मौजूद लोगों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया तथा मोबाइल फोन भी छीन लिए गए।

मुख्यमंत्री के अनुसार, यह कार्रवाई एकतरफा और अनुचित तरीके से की गई, जिससे क्षेत्र में भय और असंतोष का वातावरण बन गया।

दूसरी ओर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई पूरी तरह कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्रवाई के पीछे सुरक्षा कारण और पूर्व सूचना होती है, और यह निर्णय संबंधित परिस्थितियों के आधार पर लिया जाता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि सुरक्षा बलों का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।

इसी बीच राज्य के कई विधानसभा क्षेत्रों से इलेक्ट्रॉनिक मतदान यंत्रों में तकनीकी खराबी की शिकायतें भी सामने आई हैं। निर्वाचन आयोग ने बताया है कि जिन स्थानों पर ऐसी समस्या आई है, वहां तत्काल वैकल्पिक मशीनें उपलब्ध कराकर मतदान प्रक्रिया को सुचारु किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता