home page

बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सांसद सायोनी घोष के खिलाफ दर्ज करायी शिकायत

 | 
बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सांसद सायोनी घोष के खिलाफ दर्ज करायी शिकायत


आसनसोल, 27 अप्रैल (हि. स.)। बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए तृणमूल सांसद सायोनी घोष के खिलाफ जिला प्रशासन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हाल ही में आयोजित एक सार्वजनिक रैली के दौरान गुरबाणी के “मूल मंत्र” का पाठ सिख मर्यादा का पालन किए बिना किया गया, जिससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

कमेटी के सचिव सुरेंद्र सिंह अत्तू ने बताया कि सिख धर्म में गुरबाणी पाठ के समय सिर ढकना अनिवार्य माना जाता है, लेकिन संबंधित कार्यक्रम में इस धार्मिक परंपरा का पालन नहीं किया गया। इसे धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए कमेटी ने नाराजगी जताई है।

कमेटी ने मामले में सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की है। साथ ही जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे किसी भी धर्म या धार्मिक परंपरा का उल्लेख करते समय उसके नियमों और मर्यादाओं का सम्मान करें। कमेटी की ओर से यह शिकायत डीएम के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।

कमेटी ने कहा कि यह कदम पश्चिम बंगाल के सिख समुदाय की ओर से उठाया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा