home page

सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ बताने पर भड़का विवाद

 | 

पश्चिम बर्दवान, 22 अगस्त (हि. स.)। पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार को कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा ‘रोल मॉडल’ बताए जाने की टिप्पणी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े मामले में सज्जन कुमार की भूमिका और अदालत की सजा के इतिहास के बीच सामने आए इस बयान पर सिख समाज में नाराजगी है।

इसी मामले को लेकर बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सचिव सुरेंद्र सिंह अत्तू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि 1984 के दंगों के पीड़ित परिवार आज भी उस दर्द को भूले नहीं हैं। ऐसे में सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ बताना पीड़ित परिवारों और सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।

सुरेंद्र सिंह ने कहा कि राजनीतिक नेताओं को किसी भी तरह की टिप्पणी करने से पहले 1984 की घटनाओं और उससे प्रभावित परिवारों की भावनाओं को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में स्पष्ट सफाई देने और विवादित टिप्पणी पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति को आदर्श के रूप में प्रस्तुत करना, जिसे 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराया गया हो, बेहद संवेदनशील विषय है। ऐसे बयान से समाज में गलत संदेश जाता है और पीड़ित परिवारों के पुराने जख्म फिर उभर सकते हैं।

इस विवाद को लेकर दिल्ली में भी सिख संगठनों और 1984 दंगा पीड़ित परिवारों से जुड़े लोगों ने राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग की।

बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सचिव सुरेंद्र सिंह की प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा बर्नपुर में भी चर्चा का विषय बन गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा