उत्पीड़न मामले में अल्पसंख्यक आयोग ने असम पुलिस को कार्रवाई के लिए भेजा पत्र
आसनसोल, 25 नवंबर (हि. स.)। कृपाण जब्त करने और उत्पीड़न के आरोप को लेकर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने असम पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। आयोग की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी पत्र में असम पुलिस महानिदेशक को सरदार पुनीत सिंह के साथ कथित उत्पीड़न और उनकी धार्मिक कृपाण जब्त किए जाने के मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
आयोग के पत्र के मुताबिक, सरदार सुरेंद्र सिंह की ओर से इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में असम पुलिस पर सरदार पुनीत सिंह को कथित तौर पर परेशान करने और भारत के संविधान के अनुच्छेद 25 के उल्लंघन में उनकी धार्मिक कृपाण जब्त करने का आरोप लगाया गया है।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने शिकायत की प्रति असम पुलिस के महानिदेशक को भेजते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिकायतकर्ता को मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी दी जा सकती है।
यह पत्र आयोग के अवर सचिव सुनील कुमार सिंह की ओर से डिजिटल हस्ताक्षर के साथ जारी किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव सरदार सुरेंद्र सिंह को भी भेजी गई है। उनसे संबंधित प्राधिकरण के साथ मामले का अनुसरण करने का अनुरोध किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

