बहरमपुर में आधी रात हमला, तीन कांग्रेस समर्थक घायल
मुर्शिदाबाद, 26 अप्रैल (हि. स.)। बहरमपुर में मतदान के बाद शनिवार देर रात हिंसा का आरोप सामने आया है। कांग्रेस समर्थकों के घर पर हमले की घटना से इलाके में तनाव फैल गया है।
शनिवार देर रात मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर चार में रहने वाले कृष्ण घोष के घर पर कथित तौर पर कुछ स्थानीय तृणमूल समर्थित बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस घटना में एक महिला समेत तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवार की सदस्य दिया घोष का आरोप है कि शनिवार रात करीब दस बजे जब वह घर लौट रही थीं, तब कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र टिप्पणी की और हाथापाई की कोशिश की। उन्होंने इसका विरोध किया। जब वह घर लौटीं तो थोड़ी देर बाद वही लोग उनके घर पर पहुंच गए और कथित तौर पर तोड़फोड़ व मारपीट की।
घटना की खबर पाकर बहरमपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी शनिवार रात ही मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इस दौरान अधीर चौधरी के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने कहा कि इलाके के लोगों को एकजुट रहना चाहिए और अपने घरों में हथियार रखने चाहिए। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
इस मामले में बहरमपुर शहर युवा तृणमूल के अध्यक्ष पापाई घोष के नाम से शिकायत दर्ज कराई गई है। कांग्रेस की ओर से इस घटना को लेकर भारतीय निर्वाचन आयोग में भी शिकायत की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

